खुले बाबा केदार नाथ जी के कपाट, समाधि से जाग भोले नाथ ने दिए भक्तों को दर्शन

रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
केदारनाथ धाम, 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य समारोह के साथ केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। 6 महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद, बाबा केदार की डोली की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी हुई। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है और इस वर्ष परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है।
देखिए वीडियो रिपोर्ट _
* देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने X सोशल मीडिया हैंडलर पर पोस्ट कर लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। हर-हर महादेव!
*उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर पोस्ट कर कहा कि चारधाम यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता को भी सशक्त बनाती है। आपके मार्गदर्शन और प्रेरणा से हम सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।हम सभी प्रदेशवासी और विश्व भर से आने वाले श्रद्धालु आपके द्वारा दिए गए संकल्पों को आत्मसात कर चारधाम यात्रा-2026 को दिव्य व भव्य बनाएँगे।हर-हर महादेव!


