उत्तराखंडदेहरादून

यदि कोई उत्तराखण्ड का नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है इन हैल्प लाइन नंबर पर फोन करे

रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल

देहरादून, मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि ये साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता से जुड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुःख उत्तराखंड के लोगों के लिए भी अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सभी सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयास सराहनीय हैं। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।

महत्वपूर्ण *सूचना

 

देहरादून , नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने उत्तराखण्ड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

 

यदि कोई उत्तराखण्ड का नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है अथवा कोई किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी साझा करना चाहता है, तो राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

 

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के हेल्पलाइन नंबर:

0135-2710334, 2710335

2664314, 2664315, 2664316

8218867005

 

इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button