
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
देहरादून, डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई। डॉ. बिसेन पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान ले रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर राज्य की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और भाजपा नेता मदन कौशिक विशेष रूप से मौजूद थे।
मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद और वरिष्ठ राजनेता रहे डॉ. ढाल सिंह बिसेन के पास लंबा प्रशासनिक एवं सार्वजनिक जीवन का अनुभव है। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने राज्य के विकास, जन कल्याण और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। मुख्यमंत्री धामी ने नए राज्यपाल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड प्रगति और समृद्धि के नए आयामों को छुएगा।



