
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
देहरादून, उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है , मौसम विभाग ने मौसम की चेतावनी जारी करी थी, सुबह से ही ज्यादातर मैदानी इलाकों में हल्की मध्यम बारिश शुरू हो गई थी और बद्री केदार सहित उच्च हिमालय क्षेत्र में बारिश और सीजन की बर्फबारी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया, तापमान में गिरावट के साथ ठंड शुरू हो गई है।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार चमोली जिले में गुरुवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम में बदलाव के बीच बद्रीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। नीलकंठ और नर-नारायण पर्वत पर हिमपात के बाद धाम में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आई है।
केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार को बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई। धाम में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा और बर्फ की सफेद चादर के बीच बाबा केदार की नगरी का नजारा मनमोहक हो गया। वहीं, जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय समेत उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई।
केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं की आस्था भी देखने को मिल रही है। शीतकाल के लिए धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्रद्धालु ठंड के बीच बाबा के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।



