गैरसैंण में धामी सरकार ने विकास के संकल्प के साथ खोली पोटली,7844 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल

चमोली, सदन के बाहर चल रहे हंगामे के बीच उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान धामी सरकार ने 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया. सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह अंतिम बजट माना जा रहा है , ऐसे में इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
ग्रीष्मकालीन राजधानी में विधानसभा सत्र के पहले दिन मंगलवार को सदन में पुष्कर सिंह धामी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7844.18 करोड़ का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। अवस्थापना विकास का संकल्प दोहराते हुए पूंजीगत मद में 4164.32 करोड़ की राशि रखी गई है।
27 अक्टूबर से शुरू हुए दो दिवसीय सत्र के पहले दिन सदन ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सरकार ने अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया जिसमें ग्रामीण और शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, महिला सशक्तिकरण, कृषि और बुनियादी ढांचे के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए।
सरकार ने छठे राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए स्थानीय निकायों के लिए राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है. इसके लिए 721 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
किसानों के लिए अन्नपूर्ति योजना के तहत धान और गेहूं खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये रखे गए हैं. किसान पेंशन योजना के लिए 9 करोड़ रुपये और दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।



