गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ जल पुलिस आपदा राहत दल अलर्ट मोड पर

रिपोर्ट — कृष्णा रावत डोभाल
ऋषिकेश — पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश का असर ऋषिकेश गंगा में देखने को मिल रहा गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ ,जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की सभी टीमें पूर्णतः अलर्ट मोड पर हैं। सभी टीमों को गंगा तट स्थित प्रमुख घाटों पर तैनात किया गया है तथा नदी के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
तैनात टीमों द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। सभी से अपील की जा रही है कि वे किसी भी स्थिति में गंगा नदी की तेज धारा की ओर न जाएं तथा केवल निर्धारित एवं सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करें।
इसके अतिरिक्त, गंगा नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों को भी टीमों द्वारा समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्हें बढ़ते जलस्तर की स्थिति में सतर्क रहने तथा जलस्तर में अधिक वृद्धि होने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी जा रही है।
जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी टीमें निरंतर गश्त एवं निगरानी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए *एसडीआरएफ जल पुलिस एवं आपदा राहत दल* पूरी तरह तैयार हैं। सभी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।


