ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास सुबह एक यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई (गदेरे) में गिर गई। हादसे में 8 की मौत,20 घायल

रिपोर्ट — कृष्णा रावत डोभाल
उत्तराखंड में आज सुबह भीषण बस हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे के पास करीब 30-35 यात्रियों को लेकर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है। बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग जा रही थी।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस मंगलवार सुबह गूलर के पास हादसे का शिकार हो गई। बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि एक घायल की ऋषिकेश एम्स पहुंचने में मौत हो गई।
गूलर बाजार के समीप हुए इस हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। बताया गया कि विश्वनाथ सेवा की यह बस सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।



