
रिपोर्ट_ कृष्णा रावत डोभाल
ऋषिकेश, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश सहसंयोजक विधि प्रकोष्ट, उत्तराखंड एवं टैक्स बार एसोसिएशन ऋषिकेश के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने समस्त देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। यह दिन हमें संविधान निर्माताओं के योगदान, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का स्मरण कराता है।
श्री अनिल कुकरेती ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। संविधान ने हमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराया है। एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपिल गुप्ता प्रदेश संयोजक पर्यटन प्रकोष्ट, उत्तराखंड, ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे संविधान, कानून और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूक बनें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि कानून का सम्मान, न्याय व्यवस्था में विश्वास और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना को आत्मसात करते हुए हमें एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जहाँ हर व्यक्ति को न्याय, समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो।
इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माताओं, विशेषकर संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के योगदान को नमन किया।
सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने संविधान के पालन हेतु शपथ भी ली।
कार्यक्रम में अरुण गुप्ता अध्यक्ष टैक्स बार एसोसिएशन ऋषिकेश, डॉ० विजय कुमार चटर्जी, विनोद बिष्ट, योगेश ब्रेजा, मनोज पंवार, रविन्द्र शर्मा, शुभम गुप्ता, सागर वार्ष्णेय, रघुवीर सिंह रावत, महेश पाण्डेय, मुकेश राणा, सुलभ अवस्थी, मनमंथन लखेड़ा, अध्ययन कुकरेती आदि 50 से अधिक अधिवक्ता उपस्थित रहे।


