
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
नई दिल्ली , उत्तराखंड के आगामी दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है।
बता दें कि 9 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन स्तर पर तैयारियां भी की जा रही हैं।
मुलाकात के बाद भगत सिंह कोश्यारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके आवास पर आत्मीय शिष्टाचार भेंट हुई।
इस दौरान कोश्यारी ने उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ‘House of Himalayas’ के स्थानीय एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भेंट किए। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भगत सिंह कोश्यारी ने नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के लिए स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कामना की।
अब नितिन नबीन के 9 सितंबर के उत्तराखंड दौरे पर प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की नजरें टिकी हैं। उनके दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



