
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
हरिद्वार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर थे जहां उन्होने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर से जुड़ी ₹235 करोड़ से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये परियोजनाएँ हरिद्वार के समग्र विकास को नई गति देने के साथ-साथ आगामी कुंभ मेला-2027 एवं कांवड़ मेले के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हमारी सरकार “विकास और विरासत” को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। इसी संकल्प के अनुरूप प्रदेश में केदारखंड, मानसखंड, गोल्ज्यू कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर, हरिपुर तथा देहरादून में यमुना तीर्थ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। इन प्रयासों से तीर्थयात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार में आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सुविधाओं का विकास करना है।
अलकनंदा होटल हरिद्वार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया। साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया।



