उत्तराखंडएक्सक्लूसिवएक्सक्लूसिव खबरेंदेहरादूनलेटेस्ट कवरेज

विश्व मधुमेह दिवस पर UDAI की अनूठी पहल, बच्चों ने पार्कों में लोगों को किया जागरूक

UDAI का संदेश है – जागरूक बनें, लक्षण पहचानें, समय पर जांच कराएं और मधुमेह के प्रति सही कदम उठाएं।

रिपोर्ट — कृष्णा रावत डोभाल

देहरादून: UDAI – Diabetes Awareness Initiative Society द्वारा विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम “Early Action on Diabetes” (मधुमेह पर समय रहते कदम उठाएं) के संदेश को आगे बढ़ाते हुए संस्था के बच्चों और उनके अभिभावकों ने देहरादून के विभिन्न पार्कों में आम नागरिकों को मधुमेह के लक्षणों, समय पर पहचान और जागरूकता के महत्व के बारे में जानकारी दी।

इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीवन जी रहे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक स्थानों पर अपनी दिनचर्या साझा की। बच्चों ने एक साथ बैठकर अपना ब्लड शुगर चेक किया, इंसुलिन लिया और भोजन किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि डायबिटीज जीवन की राह में बाधा नहीं, बल्कि सही जानकारी, नियमित देखभाल और आत्मविश्वास के साथ एक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जिया जा सकता है।

अभियान के दौरान UDAI के छोटे-छोटे बच्चों ने लगभग 200 नागरिकों से हस्ताक्षर एकत्रित कर मधुमेह जागरूकता के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित की। आम नागरिकों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर UDAI की संस्थापक एवं अध्यक्ष रेखा नेगी बच्चों और अभिभावकों के साथ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में  सुरेंद्र दत्त बिजलवान,  पारुल शर्मा, नौशाद अली , ईशा रावत सहित UDAI के अन्य बच्चे एवं सदस्य भी शामिल रहे।

 

UDAI का उद्देश्य केवल मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

 

Related Articles

Back to top button