मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर गुज्जर बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम


रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
ऋषिकेश। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर वसुंधरा संस्था की ओर से गुज्जर बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया, वहीं गुज्जर समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मौन परिषद के उपाध्यक्ष गिरीश डोभाल ने गुज्जर समुदाय को मौन पालन के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मौन पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा अब जंगलों में भी मौन पालन की अनुमति दिए जाने से गुज्जर समुदाय को आर्थिक रूप से काफी लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार अपनाकर समुदाय आत्मनिर्भर बन सकता है।
वसुंधरा संस्था की अध्यक्ष प्रियंका नेगी ने महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि महिलाएं विभिन्न बीमारियों से बच सकें। संस्था की ओर से महिलाओं को सैनेट्री पैड वितरित किए गए, जबकि बच्चों को पाठ्य सामग्री प्रदान कर शिक्षा के प्रति भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य राजीव लोचन शाह, भुवनेश्वर भारद्वाज, राजीव कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वरोजगार को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सराहा।



