
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
ऋषिकेश, ऋषिकेश में नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, पुलिस के लाख दावों के बाद भी युवाओं के सिर चढ़ कर नशा ऐसे काम करवा रहा है जिस से आज तीर्थ नगरी भी हिल गई जब एक बेटे ने मां की टोका टोकी से अपनी मां पर ही गोली चला दी।
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत विस्थापित क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को तमंचे से गोली मार दी। घटना के बाद बेटा घर से फरार हो गया। मां को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में रविवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित गौड़ नशे का आदी है। रात को जब उसकी माँ उषा देवी ने उसे नशा करने से रोका और फटकार लगाई, तो सुमित अपना आपा खो बैठा।
विवाद इतना बढ़ा कि सुमित घर में रखा 12 बोर का अवैध तमंचा निकाल लाया और अपनी माँ पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे उषा देवी के सिर पर लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं। माँ को तड़पता छोड़ आरोपी बेटा मौके से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी,विवेक कुमार राठी आईडीपीएल चौकी प्रभारी ने बताया कि __
”गोली महिला के सिर पर लगी है। घायल महिला को तुरंत एम्स ऋषिकेश पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है। हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।” विवेक कुमार राठी (आईडीपीएल चौकी प्रभारी)
पुलिस की टीमें फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
देवभूमि को शर्मसार करने वाली इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते नशे के जानलेवा जाल और उससे बिखरते परिवारों के खौफनाक सच को उजागर कर दिया है।



