आस्थाउत्तराखंडएक्सक्लूसिवदेहरादूनपर्यटनलेटेस्ट कवरेज

छह माह के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना, देखिए वीडियो रिपोर्ट

रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल

केदारनाथ धाम, विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही केदारनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और समाधि पूजा संपन्न होने के बाद सुबह छह बजे बाबा केदार के गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के मुख्य कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। बाबा केदार के जयकारों और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों से पूरा केदारनाथ धाम भक्तिमय हो उठा। कपाट बंद होने के भावुक क्षणों में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अगले यात्रा वर्ष में पुनः धाम आने की कामना की।

कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा के प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद निर्धारित पड़ावों से होते हुए बाबा की डोली ऊखीमठ पहुंचेगी। ओंकारेश्वर मंदिर में अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

 

Related Articles

Back to top button