
रिपोर्ट _ कृष्णा रावत डोभाल
उत्तरकाशी , निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है, प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी की निर्माणाधीन टनल के अंदर बुधवार देर रात चट्टान गिर गई है, जिससे एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय नरेश, निवासी झारखंड, के रूप में हुई है। टनल परियोजना प्रबंधक श्रीराम ने बताया कि हादसा रात करीब 2 बजे हुआ।
शुरुआती जांच में पता चला है कि बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट लाइनिंग (शॉटक्रीट) का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में यह श्रमिक आ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, संबंधित एजेंसियों और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राहत और जांच की कार्रवाई शुरू करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।



