खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, सुरक्षित स्थानों पर रोके गए हजारों श्रद्धालु,
केदारनाथ धाम में लगातार बारिश से यात्रा पर ब्रेक, प्रशासन हाई अलर्ट पर,,

रिपोर्ट — कृष्णा रावत डोभाल
रुद्रप्रयाग- – चार धामों में प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यंत्र अस्थाई रूप से प्रशासन के द्वारा खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल रोक दी गई है और बाकी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है केदारनाथ धाम सहित जनपद के ऊपरी क्षेत्रों में शनिवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर आवाजाही पर फिलहाल रोक लगाई गई है। मौसम में सुधार होते ही यात्रा को पुनः सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
लगातार हो रही वर्षा के बीच प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क मोड में है। यात्रा मार्ग पर मौजूद यात्रियों को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड स्थित सुरक्षित होल्डिंग क्षेत्रों में रोका गया है, जबकि केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पैदल यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों तथा केदारनाथ धाम में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य सुरक्षा बलों को चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने तथा यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश का असर सीधे केदारनाथ यात्रा पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों के मद्देनज़र प्रशासन कोई जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। इसी कारण पहली ही तेज बारिश के दौरान यात्रा को अस्थायी रूप से रोककर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
वर्तमान में हजारों श्रद्धालु यात्रा पुनः शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही सभी श्रद्धालुओं को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है और अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। ऐसे में मौसम की चुनौती के बावजूद प्रशासन यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।
पैदल यात्रा मार्ग पर मौजूद यात्रियों को भी निकटतम सुरक्षित स्थानों और निर्धारित होल्डिंग एरिया में रखा गया है। वहीं श्रीनगर क्षेत्र में केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी फिलहाल रोक दी गई है। वाहनों को निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों में खड़ा कराया जा रहा है, ताकि मौसम सामान्य होने तक किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं एवं वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार खराब मौसम के बीच प्रशासन पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ यात्रा प्रबंधन में जुटा हुआ है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।


